| Events and Activities Details |
Independance Day Celebration
Posted on 19/08/2026
पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, फरीदाबाद में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, फरीदाबाद में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता द्वारा गरिमामय ढंग से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात् महाविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने समवेत स्वर में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के जयघोष और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत हो उठा। समारोह के दौरान प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया। जिसमें ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप के विजेता बीए तृतीय वर्ष के छात्र अरुण कुमार एवं इंटर कॉलेज जूडो, ताइक्वांडो और वुशु के अन्य विजेता खिलाड़ी शामिल रहे। इसके उपरांत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संगीत विभाग के प्रतिभावान् विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की अत्यंत मधुर एवं शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी सुमधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से सराबोर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विवेकानन्द ने अत्यंत प्रभावशाली एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया। अपनी ओजस्वी वाणी और कुशल संचालन से उन्होंने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा। इस अवसर पर डॉ. विमल, डॉ. ज्योत्स्ना एवं डॉ. मोनिषा चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ देश के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल, व्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में शारीरिक-शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर पीयूष वत्स के नेतृत्व में एनएसएस के स्वयंसेवक एवं एनसीसी के कैडेट्स ने कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था, अनुशासन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालते हुए अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने, स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा एक समृद्ध, सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
|